उपेन्द्र कुशवाहा ने भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के उस बयान पर आपत्ति जाहिर की है जिसमें उन्होंने कहा था कि जदयू का राजद में विलय हो जाएगा। कहा कि यह अत्यंत आपत्तिजनक ही नहीं अपमानजनक भी है।
जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष विधान पार्षद उपेन्द्र कुशवाहा ने भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के उस बयान पर आपत्ति जाहिर की है जिसमें उन्होंने कहा था कि जदयू का राजद में विलय हो जाएगा। कहा कि यह अत्यंत आपत्तिजनक ही नहीं अपमानजनक भी है। भाजपा के नेता लगातार गलबज्जा कर रहें हैं।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि भाजपाई भाइयों को वर्ष 1995-96 के पहले का अपना इतिहास याद करना चाहिए। तब देश में भाजपा एक अछूत पार्टी के रूप में जानी जाती थी। कोई भी दल भाजपा से दोस्ती नहीं करना चाहता था। ठीक उसी दौर में भाजपा के लिए फरिश्ता बनकर आए समता पार्टी के तत्कालीन नेता जॉर्ज फर्नांडिस और नीतीश कुमार, जिन्होंने भाजपा के मुम्बई अधिवेशन में भाग लिया। तब समता पार्टी से गठबंधन की नींव पड़ी। भाजपा अछूत से छूत बनी। तब अगर जॉर्ज – नीतीश की कृपा नहीं हुई रहती तो भाजपा का आज कोई अता-पता नहीं रहता।
देश को नफरती लोगों के नापाक इरादों से बचाएंगे: तेजस्वी
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश की आज़ादी के लिये मर मिटने वाले तमाम वीर सपूतों को नमन किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि उनकी कुर्बानी अमर है। आज हम संकल्प लेते हैं कि आजादी के उन मतवालों के सपनों का भारत बनाने के लिये हर तरह की कुर्बानी देंगे। देश की एकता और अखंडता को हर मूल्य पर अक्षुण्ण रखेंगे। देश को नफरत और नफरती लोगों के नापाक इरादों से बचाएंगे। देश में अमन शांति, सद्भाव बनाए रखेंगे। देश को प्रगति और विकास की ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सहित आज़ादी के लिये संघर्ष करने वाले तमाम लोगों को भी याद किया।