वैशाली जिले के गौरौल थाना क्षेत्र के चकव्यास गांव में सोमवार को एक नवविवाहिता का फंदे से लटका शव मिला। मायके वालों का आरोप है कि दहेज के लिए महिला की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। महिला 4 माह की गर्भवती भी थी। घटना के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार है।
मृतिका की पहचान कोमल कुमारी (22) के रूप में की गई। कोमल की शादी 13 माह पहले विशाल कुमार से हुई थी। मृतिका का मायके बिदुपुर थाना क्षेत्र के पानापुर दिलावरपुर गोवर्धन गांव में है। मृतिका के भाई के अनुसार, दहेज में बार-बार चार चक्का गाड़ी, पैसे के लिए बहन को प्रताड़ित किया जाता था। जान से मार देने की भी धमकी ससुराल पक्ष के लोग दिया करते थे।

परिजनों को आशंका है कि रविवार की रात ससुराल वाले घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।