एक तरफ यूक्रेन दावा कर रहा है कि पुतिन बेलारूस के तानाशाह के साथ मिलकर बहुत विनाशकारी योजना बना रहा है। वहीं, उत्तरी कोरिया का तानाशाह किम बैलिस्टिक मिसाइल दागने से बाज नहीं आ रहा है।
नया साल आने वाला है और चीन में कोरोना पीक पर है। आने वाले दिन कोरोना के लिहाज से बेहद चिंता की बात है। इसके अलावा एक और चीज है जिससे दुनियाभर में दहशत हैं। इसकी वजह हैं- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तरी कोरिया के तानाशाह राष्ट्रपति किम जोंग का दिमाग। पश्चिमी देश इन दोनों नेताओं को सनकी भी कहती है। एक तरफ यूक्रेन दावा कर रहा है कि पुतिन बेलारूस के तानाशाह के साथ मिलकर बहुत विनाशकारी योजना बना रहा है। पुतिन भी स्पष्ट कर चुके हैं कि जीत से कम उन्हें नहीं चाहिए। उधर, उत्तरी कोरिया का तानाशाह किम बैलिस्टिक मिसाइल दागने से बाज नहीं आ रहा है। नॉर्थ कोरिया की घातक मिसाइलें कभी जापान में गिरती हैं कभी दक्षिण कोरिया में। इन दोनों नेताओं के इरादे नए साल में बड़ा संकट पैदा कर सकते हैं। क्या ये थर्ड वर्ल्ड वॉर की आहट है?
नये साल पर सहमा है यूक्रेन
रूस और यूक्रेन की जंग को एक साल होने वाला है। 24 फरवरी को रूस ने पूरी ताकत से यूक्रेन की धरती पर हमला बोला था। इस युद्ध में अभी तक लाखों लोगों की जान जा चुकी है, अरबों की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। यूक्रेन के खूबसूरत शहर श्मशान घाट में बदल चुके हैं लेकिन, पुतिन पिघलने वाले नहीं हैं। पुतिन के मुलाजिम साफ कर चुके हैं कि रूस यूक्रेन के साथ कोई समझौता नहीं करने वाला। कुछ दिन पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने इरादे बताते हुए कहा कि यूक्रेन के पास हमारी बात मानने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। अगर वो ऐसा नहीं करता है तो रूसी सेना इसका जवाब देगी।
ढाई लाख सैनिकों को भेजने की तैयारी
सर्दियों के मौसम के बाद यूक्रेन और रूस के बीच जंग की दिशा और दशा दोनों बदलने वाली है। इसकी पूरी निर्भरता पुतिन की तरफ से हो सकती है। कुछ दिन पहले ही पुतिन ने कहा था कि उसके 50 हजार से ज्यादा सैनिक वॉर फ्रंट पर तैनात हैं, जबकि ढाई लाख सैनिकों को अगले साल यूक्रेन में आक्रमण के लिए तैयार किया जा रहा है।
जीत से कम नहीं चाहते पुतिन
पुतिन ये साफ कर चुके हैं कि जीत से कम पर वो मानने वाले नहीं और यूक्रेन इस बात का एलान कर चुका है कि उसके सैनिक आख़िरी दम तक पीछे हटने वाले नहीं। यूक्रेन ने भी हाल ही में दावा किया था कि व्लादिमीर पुतिन नये साल पर कुछ खतरनाक कर चुके हैं। राष्ट्रपति वलोडोमिर जेलेंस्की ने कहा कि पुतिन बेलारूस के साथ मिलकर यूक्रेन के खिलाफ कुछ योजना बना रहे हैं। उन्होंने अपने लोगों और सेना को सचेत किया और कहा कि पुतिन के इरादे ठीक नहीं हैं। बता दें कि हाल ही में पुतिन ने बेलारूस जाकर राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको से मुलाकात की थी। यूक्रेन में छिड़ी जंग के बाद यह पहला मौका था जब पुतिन ने अलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको से मुलाकात की। जंग के शुरुआत में भी बेलारूस की धरती से रूसी सैनिकों को मदद मिली थी।
सबसे पॉवरफुल परमाणु शक्ति बनने की सनक
नॉर्थ कोरिया का तानाशाह किम जोंग उन परमाणु परीक्षणों से बाज नहीं आ रहा है। अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को कई बार गीदड़ भभकी देने वाले किम जोंग कह चुके हैं कि नॉर्थ कोरिया ने बैलिस्टिक मिसाइलों पर परमाणु हथियार लगाने की तकनीक के विकास में एक अद्भुत छलांग लगाई है। वह कई मौकों पर कह चुके हैं कि उसका लक्ष्य दुनिया का सबसे ताकतवर परमाणु शक्ति बनना है। इसीलिए वह लगातार मिसाइल टेस्टिंग करता रहता है। शुक्रवार को ही किम के आदेश पर तीन मिसाइलों का परीक्षण किया गया। दक्षिण कोरियाई सेना ने इसकी पुष्टि की कि सुबह साढ़े आठ बजे उसकी सीमा पर तीन मिसाइलें दागी गई। इससे पहले भी नॉर्थ कोरिया जापान की सीमा पर भी मिसाइल दाग चुका है। किम के इरादे साफ हैं कि वह नये साल में दुनिया के लिए बड़ा संकट साबित हो सकता है।
इस साल 70 बार कर चुका है ऐसी हरकत
किम जोंग की सनक का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह पड़ोसी देशों जापान और दक्षिण कोरिया से तनाव बढ़ाने के इस साल 70 बार मिसाइल दाग चुका है। किम जोंग के अंदर दुनिया का सबसे शक्तिशाली परमाणु शक्ति देश बनने की सनक है। अमेरिका समेत कई देश उत्तरी कोरिया की इस हरकत के जवाब में उसके तीन संस्थानों और खुद किम जोंग पर प्रतिबंध लगा चुके हैं। लेकिन किम को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, उसके आदेश पर कल ही एक बार फिर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया गया। उत्तरी कोरिया ने उत्तरी पूर्वी तट पर मिसाइलें दागी।