तापसी पन्नू की फिल्म दोबारा इस शुक्रवार को रिलीज हुई। साइंस फिक्शन फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है। अनुराग ने बतौर निर्देशक चार साल बाद वापसी की है। एकता कपूर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है।
अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) चार साल बाद बतौर निर्देशक फिल्म ‘दोबारा’ (Dobaaraa) से वापस लौटे हैं। टाइम ट्रैवेल इस फिल्म में तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) मुख्य भूमिका में हैं। इसमें उनके साथ पवेल गुलाटी हैं। फिल्म को क्रिटिक्स से अच्छे रिव्यूज मिले हैं। इसकी कहानी के साथ तापसी के अभिनय की तारीफ हुई है। हालांकि कलेक्शन के मामले में फिल्म ओपनिंग डे पर फीकी मालूम पड़ती दिख रही है। बीते हफ्ते आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा‘ और अक्षय कुमार की ‘रक्षा बंधन‘ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं कर पाई। वहीं इस हफ्ते तापसी की फिल्म से बहुत उम्मीदें नहीं लग रही है।
कितना रहेगा फिल्म का कलेक्शन
अब फिल्म को क्रिटिक्स के अच्छे रिव्यूज का सहारा है। अगर इसकी माउथ पब्लिसिटी हुई तो दर्शक सिनेमाघर तक पहुंच सकते हैं। पहले दिन तो फिल्म एक करोड़ का आंकडा भी पार करती नहीं दिख रही है। वेब पोर्टल Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की ऑक्यूपेंसी 8.22 फीसदी रही। फिल्म पहले दिन केवल 60 लाख का बिजनेस कर सकती है। यह शुरुआती आंकड़े हैं।
स्पैनिश फिल्म की रीमेक
‘दोबारा‘ स्पैनिश फिल्म ‘मिराज‘ की आधिकारिक रीमेक है। यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई थी। अनुराग कश्यप और तापसी पन्नू ने इससे पहले फिल्म ‘मनमर्जियां‘ में साथ काम किया था। फिल्म में विकी कौशल और अभिषेक बच्चन थे। दूसरी तरफ तापसी ने पवेल गुलाटी के साथ ‘दोबारा‘ से पहले फिल्म ‘थप्पड़‘ में काम किया था। फिल्म को एकता कपूर, सुनीर खेत्रपाल और गौतम बोस ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।