दानापुर कैंट में सेना भर्ती रैली आयोजित होगा। 7 से 26 अक्टूबर तक चलने वाली रैली में सात जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसमें पटना, भोजपुर, बक्सर, छपरा, सिवान, गोपालगंज और वैशाली जिला शामिल है। दानापुर कैंट के डायरेक्टर भर्ती कर्नल तजेन्दर सिंह ने कहा कि भर्ती का आयोजन स्थल न्यू केएलपी (की लोकेशन प्लैन) कॉम्प्लेक्स, चांदमारी के समीप, दानापुर कैंट, पटना है। 20 दिनों तक चलने वाली रैली के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को महिला अभ्यर्थियों शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि पुरूष रैली के लिए रैली स्थल पर प्रवेश सभी दिन 01 बजे रात्रि को शुरू होगा। महिला रैली के लिए प्रवेश 26 अक्टूबर सुबह 4 बजे शुरू होगा।
सेना भर्ती रैली में करीब 90 हजार अभ्यथियों के शामिल होने की संभावना है। इसको लेकर सेना ने जिला प्रशासन से विधि व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। शनिवार को समाहरणालय में आयोजित बैठक के दौरान डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने विधि-व्यवस्था संधारण और भीड़-प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने के साथ सभी तरह का प्रशासनिक सहयोग देने की बात कही।
दानापुर-पाटलिपुत्र स्टेशन पर बनेगा नियंत्रण कक्ष
डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि रैली में शामिल होने के लिए ट्रेन से आने वाले युवाओं की सुविधा के लिए दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर नियंत्रण कक्ष सह स्वागत केन्द्र स्थापित किया जाएगा। इन स्टेशनों से भर्ती स्थल पर जाने-आने के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की व्यवस्था रहेगी। डीएम ने अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था केके सिंह को दण्डाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है।