राजधानी में लोगों का मॉर्निंग वॉक करना दुश्वार हो गया है। अपराधियों की नजर मॉर्निंग वॉक करने वाले उन लोगों पर होती है, जिनके गले में सोने की चेन लटकी होती है। मंगलवार को फिर से शहर के प्राइम लोकेशन में चेन स्नेचिंग की वारदात हुई है। इस बार बाइक सवार अपराधियों ने एक न्यूज चैनल के MD सुशील कुमार को अपना शिकार बनाया। पीछे से आए अपराधियों ने पहले इनका गर्दन पकड़ा और धक्का दे दिया।
इसके बाद इनके गले से सोने की चेन झपटी। चेन झपटने में अपराधियों को मशक्कत करनी पड़ी। इस कारण चेन का आधा हिस्सा सुशील कुमार के पास रह गया और आधा हिस्सा अपराधी ले भागे। अपराधी जिस हिस्से को ले भागे, वो चेन के आगे का भाग था। उसमें मां दुर्गा की बनी सोने की लॉकेट और चांदी का एक पेंडेंट लगा हुआ था। कुल मिलाकर इन सब की कीमत 1 लाख रुपए से अधिक है।

दरअसल, सुशील अपने परिवार के साथ बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड के पास स्थित मानसरोवर अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 303 में रहते हैं। हर दिन की तरह आज भी सुबह में वो मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। सुबह 7:30 बजे के बाद वो वापस गांधी मैदान से अपने घर लौट रहे थे। जब वो फ्रेजर रोड में एडिशन आर्केड के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार दो अपराधी पीछे से आए। अपराधियों ने उन्हें जो धक्का दिया, उस कारण उनके हाथ और पैर में काफी चोट भी आई। मोबाइल फोन का स्क्रीन भी फूट गया। इस वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अपनी बाइक से एसपी वर्मा रोड होते हुए फरार हो गए। मौके पर से ही सुशील ने सबसे पहले कोतवाली थाना को इसकी सूचना दी। तब उन्हें बताया गया कि घटना स्थल गांधी मैदान थाना में आता है। जिसके बाद गांधी मैदान थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। अब पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है।