आरा में एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक का शव नवादा थाना क्षेत्र के जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के समीप रविवार की शाम बरामद हुआ है। शव पर सिर से लेकर पांव तक 70 से ज्यादा जगहों पर कटे के निशान पाए गए। शव के मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही नवादा थानेदार अविनाश कुमार अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।
जानकारी के अनुसार मृतक मूल रूप से पटना जिला के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के खड़वा अमरपुरा निवासी स्व.राम इकबाल सिंह का 25 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार है। वर्तमान में उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी पकड़ियाबर गांव में अपनी मां के साथ कुछ वर्षों रहता था एवं गांगी पुल स्टेशन तक ऑटो चलाता था।
इधर मृतक के जीजा भोला सिंह ने बताया कि उसकी बड़ी बहन प्रतिमा देवी की शादी उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत पकड़ियाबर गांव में हुई थी। पिता की मौत के बाद करीब 15 वर्षों से वह अपने बहन की ससुराल में ही गांव में झोपड़ी लगाकर अपनी मां के साथ रहता था और गांगी पुल से स्टेशन तक भाड़ा पर ऑटो चलाता था।
उन्होंने बताया कि शनिवार को करीब 2 बजे दिन तक मैंने उसे देखा था। इसके बाद वह दिखाई नहीं दिया। रात में वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। इसी बीच रविवार की शाम उसका हत्या कर फेंका गया शव जैन कॉलेज के पूर्वी गेट से बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने की सूचना मृतक के परिजनों को दी।
वहीं दूसरी ओर मृत दिलीप के जीजा भोला सिंह ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने अपने साले से किसी भी व्यक्ति से किसी प्रकार की विवाद एवं दुश्मनी की बातों से साफ इनकार किया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।