शूटिंग के लिए अयोध्या पहुंची भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे के होटल से गहने और मोबाइल चोरी हो गया था। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गहने और मोबाइल को ढूंढ निकाला। साथ ही चोरी करने वाले लोगों को भी धर दबोचा।
शूटिंग के लिए अयोध्या पहुंची भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे के होटल से गहने और मोबाइल चोरी हो गया था। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गहने और मोबाइल को ढूंढ निकाला। साथ ही चोरी करने वाले लोगों को भी धर दबोचा। भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे ने कहा, नौ बजे उनका केस दर्ज हुआ था और 24 घंटे के भीतर उन्हें सामान वापस मिल गया। उन्होंने कहा कि अभिनेता रविकिशन की फिल्म का एक डॉयलाग है, इफ नो बट, इंसाफ तुरंत। यहां कुछ ऐसा ही हुआ। इससे जल्दी यह कहीं नहीं हो सकता।
गहने और मोबाइल मिलने की खुशी में आम्रपाली दुबे ने भोजपुरी अंदाज में यूपी पुलिस और योगी सरकार को शुक्रिया भी कहा। वीडियो जारी कर आम्रपाली दुबे ने कहा, अयोध्या में शूटिंग के दौरान होटल से हमार 17 लाख का गहना और मोबाइल फोन चोरी हो गइल। चोर के पकड़ कर हमार कुल सामान उत्तर प्रदेश की पुलिस 24 घंटा से भी कम समय में वापस करवा देहलस, ओकरा के खातिर हम सबकर बहुत धन्यवाद बोलत हइँ। आम्रपाली का भोजपुरी अंदाज में शुक्रिया कहने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आम्रपाली के इस वीडियो में यूपी पुलिस ने भी अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है।
ये है पूरा मामला
अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए अयोध्या आईं अभिनेत्री आम्रपाली दुबे सिविल लाइंस के होटल शाने अवध में रुकी थीं। गुरुवार को सुबह उनके होटल से उनके गहने, पर्स और तीन मोबाइल चोरी हो गए थे। नगर कोतवाली में यह मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश होने लगी। शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी बुआ क्रासिंग के पास से दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
नगर कोतवाली में एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्त पिता-पुत्र हैं। पिता गोपाल पेरूमल की उम्र 42 वर्ष और बेटे कुमार की उम्र 22 वर्ष है। यह दोनों तमिलनाडु के वेल्लूर जिले में थाना अंबोर के थोट्टलम उदधराजपलायम गांव के रहने वाले हैं। इनके पास से चोरी किए गए सोने के लॉकेट वाला हार, दो कंगन, दो झुमके, दो चेन, सात सोने हीरे की अंगूठियां, तीन मोबाइल, पर्स व नकदी बरामद हो गए हैं।
पूरे परिवार के लोग करते हैं चोरी
तमिलनाडु के जिन दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वे असल में गिरोह के सदस्य हैं। उनके गिरोह में कई परिवार हैं। यह लोग पूरे परिवार के साथ इस तरह की वारदात करते हैं। शादी-ब्याह, पार्टियों और होटलों में वे इस तरह से प्रवेश करते हैं कि उनके बाहरी होने का एहसास ही नहीं होता। जिस वक्त लोग सो रहे होते हैं, उस वक्त यह लोग उनके कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस गोपाल पेरूमल और कुमार से उनके गिरोह के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
सविलांस टीम की बड़ी भूमिका
चोरों को पकड़ने में सर्विलांस टीम की बड़ी भूमिका रही। सर्विलांस सेल प्रभारी अमरेश कुमार त्रिपाठी अपने सहयोगियों के साथ सूचना मिलते ही चोरों को ट्रेस करने में जुट गए थे। आगे का काम नगर कोतवाली के प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह के साथ लगी कुल 14 लोगों की टीम ने किया। एसएसपी प्रशांत वर्मा ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।