मोतिहारी जिले के बंजरिया में आशिक के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या करने का आरोप पत्नी पर लगा है। पत्नी कह रही है कि पति ने आत्महत्या की है जबकि मृतक के परिवार की शिकायत पर पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहा पंचायत का है। यहां कमलेश गोसाईं (35) की गुरुवार की देर रात गमछा से गला दबाकर हत्या कर दी गई।
हत्या का आरोप कमलेश गोसाईं की पत्नी सोनी देवी और उसके कथित प्रेमी पकड़िया निवासी गजाधर साह पर लगा है। घटना के बाद शोर मचने पर स्थानीय लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनी देवी (32) को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका कथित प्रेमी अभी फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
बंजरिया थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि यह हत्या का मामला है। आरोपी पत्नी सोनी देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अनुसंधान जारी है। अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोनी देवी घटना को आत्महत्या बता रही थी जबकि मृतक के भाई रंजीत कुमार ने थाना में आवेदन देकर हत्या की बात बताई है।
बताया है कि घटना के पहले भी सोनी ने अपने पति को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना से स्थानीय लोगों विशेषकर महिलाओं में काफी रोष है। मौके पर उपस्थित महिलाएं ने दोषियों को फांसी दिलाने की मांग की।