मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फल्गु नदी में तैयार किए जा रहे देश के सबसे बड़े रबड़ डैम का सोमवार दोपहर निरीक्षण किया। रबड़ डैम की बदौलत फल्गु में विष्णुपद स्थित देवघाट के दोनों के किनारे में लबालब पानी देख वे गदगद नजर आए। इस मौके पर उन्होंने रबर डैम का डैम के ऊपर बने पुल पर चढ़ कर पैदल चलते हुए जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ पटना सचिवालय के तमाम बड़े अधिकारी साथ-साथ चल रहे थे।
उन्होंने डैम निर्माण कंपनी और सरकारी अधिकारियों से डैम के पूरा होने में और कितने दिन शेष रह गए हैं। इस बात की जानकारी ली। साथ ही सुरक्षा मसले पर भी उनसे सवाल पूछे। डैम के निरीक्षण के पूर्व मुख्यमंत्री 12 बजे एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से विष्णुपद मंदिर पहुंचे।
सबसे पहले उन्होंने भगवान विष्णु पद चिह्न पर माथा टेका। इसके बाद उन्होंने देव घाट की सीढ़ियों से उतर कर डैम का निरीक्षण किया। डैम का निरीक्षण करते करते वे डैम पर बने पुल से नदी के उस पार चले गए। वहां से उनका कारकेड उन्हें लेकर वापस डीएम कार्यालय पहुंचा। डीएम सभागार में उन्होंने करीब 20 मिनट तक बैठक की।
बैठक के केंद्र पितृपक्ष मेला रहा। उन्होंने मेला को बेहतर ढंग से संप्पन कराने की नसीहत हाकिमों को दी। इस मौके पर पर्यटन मंत्री कुमार सर्वजीत, सहकारिता मंत्री सुरेंद्र यादव, पूर्व विधायक अभय कुशवाहा, पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी, जदयू प्रदेश सचिव चंदन यादव और चंदन सिंह भी मौजूद रहे।