राज्यभर में दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़े गिरावट की संभावना है। इससे राज्य के कई जिले 20 जनवरी तक शीतलहर के प्रभाव में रह सकते हैं।
बिहार का मौसम 16 जनवरी से फिर करवट लेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने पूर्वानुमान कर कहा कि 16 से 18 जनवरी तक सूबे में कड़ाके की ठंड का अलर्ट है। राज्यभर में दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आ सकती है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में संभावित बड़ी गिरावट से राज्य के कई जिले 20 जनवरी तक शीतलहर के प्रभाव में रह सकते हैं। कहीं-कहीं ठंड का प्रभाव उसके बाद भी बना रहेगा। मध्य बिहार और दक्षिण बिहार में हवा का प्रवाह अधिक रहने से कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इस बार ठंड की अनुभूति दर्ज तापमान से भी अधिक हो सकती है। इससे पहले 15 जनवरी को कुछ जगहों पर मध्यम से घने कोहरे की स्थिति रह सकती है।
विशेष मौसम परामर्श जारी
मौसम विभाग के निदेशक विवेक सिन्हा ने विशेष मौसम परामर्श जारी कर कहा है कि प्रदेश के अधिकतर जिलों में औसत न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होगी। न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री के बीच आ सकता है। वहीं मौजूदा अधिकतम तापमान गिरकर 14 से 20 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम में आने वाले बदलावों का असर मनुष्य के साथ पशु और फसलों पर भी पड़ सकता है। अभी राज्य भर में दिन का औसत तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जबकि रात का तापमान आठ से 12 डिग्री के बीच है।
क्यों बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि शीत लहर का यह दौर ठंडी आर्कटिक उत्तर पश्चिमी जेट स्ट्रीम के संचलन से जुड़ा है। जो उत्तर भारत से होकर गुजर रहा है। इसका असर चार पांच दिनों तक पूरे राज्य में दिखेगा। मौसम की ताजा स्थिति को देखते हुए 16 से 20 तक लोगों से उचित सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तीन जिलों में रहा शीत दिवस, कोहरे में आई कमी
पिछले दो दिनों में राज्य के आधा दर्जन शहरों को शीत दिवस से निजात मिली है, लेकिन तीन शहर शनिवार को भी शीत दिवस की चपेट में रहे। यहां न्यूनतम तापमान मानक से काफी कम रहा। भागलपुर, छपरा और सबौर में सामान्य से कम न्यूनतम तापमान की वजह से शीत दिवस की स्थिति रही। पूर्णिया में घना कोहरा रहा जबकि पटना और गया में मध्यम दर्ज का कोहरा रहा। 5.7 डिग्री सेल्सियस के सात राज्य भर में सबसे सर्द सुबह किशनगंज में रही।
दो दिनों तक लोगों को मिली थी राहत
इधर, पिछले दो दिनों में राज्यभर के मौसम में सुधार आया था। कोहरे में कमी से शनिवार को तेज धूप महसूस हुई। पटना सहित राज्य के कई शहरों में शनिवार को दिनभर धूप निखरी। शनिवार को पटना, गया, नवादा , औरंगाबाद, शेखपुरा और डेहरी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री व उससे ऊपर तक पहुंच गया। शेखपुरा में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। सहरसा के अगवानपुर (18.5 डिग्री) को छोड़कर राज्य के लगभग सभी शहरों का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर है। वहीं वाल्मीकि नगर में 3.4 डिग्री, पूर्वी चंपारण में छह डिग्री, सारण में दस डिग्री, पटना में छह डिग्री, गया में 1.7 डिग्री, नवादा में 5.3 डिग्री, शेखपुरा में 7.5 डिग्री, बांका में चार डिग्री, खगड़िया में 4.8 डिग्री, सबौर में 6.4 डिग्री, भागलपुर में 4.1 डिग्री, बांका में चार डिग्री, पूर्णिया में 2.3 डिग्री, सुपौल में 3.3 डिग्री, दरभंगा 3.4 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 3.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 26 9.2
गया 26.4 9.8
भागलपुर 21.7 9
पूर्णिया 22.7 7.7