बहुचर्चित रेप कांड में राजद के पूर्व विधायक अरुण यादव बरी हो गए। स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट आरा ने मंगलवार को फैसला सुनाया। संदेश के राजद विधायक रहते दर्ज अरुण यादव पर केस दर्ज हुआ था।
बिहार के बहुचर्चित यौन उत्पीड़न मामले में राजद के पूर्व विधायक अरुण यादव बरी हो गए। स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट आरा ने मंगलवार को फैसला सुनाया। संदेश के राजद विधायक रहते दर्ज अरुण यादव पर केस दर्ज हुआ था। अभी अरुण यादव की पत्नी किरण देवी संदेश की राजद विधायक हैं।
बता दें कि इसी वर्ष जुलाई माह में अरुण यादव ने आरा सिविल कोर्ट में सरेंडर किया था। वे करीब तीन सालों से फरार चले आ रहे थे। इस मामले में चार आरोपित पहले बरी हो चुके हैं। एक मात्र पूर्व विधायक अरुण यादव ही फरार चले आ रहे थे।
क्या है पूरा मामला
18 जुलाई 2019 को आरा की एक नाबालिग लड़की पटना से देह व्यापार करने वाले गिरोह के चंगुल से किसी तरह छूटकर आरा भागकर आई थी। पीड़िता के भाई ने नगर थाने में आवेदन देकर अनिता देवी तथा संजीत कुमार उर्फ छोटू पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। नगर थाना में में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने पीड़िता का कोर्ट में 164 का बयान कराया। अपने पहले बयान में लड़की ने मनरेगा के इंजीनियर अमरेश कुमार तथा संजय कुमार उर्फ जीजा को आरोपित किया था। दूसरे बयान में राजद के पूर्व विधायक अरुण यादव आरोपित किए गए थे। पुलिस ने इस बाबत 161 का बयान भी दर्ज किया था। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में साक्ष्य के अभाव में कोर्ट ने अनिता देवी, संजीत कुमार, अमरेश कुमार और संजय कुमार को बरी कर दिया था।