पटना के 10 नगर परिषद और 2 नगर पंचायत में पहले चरण में 18 दिसंबर को चुनाव होना है। इसमें छह लाख से अधिक मतदाता 1804 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
बिहार में पहले चरण के नगर निकाय चुनाव के लिए प्रचार का शोर थम गया। शुक्रवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार की अवधि खत्म हो गई। 18 दिसंबर को 156 निकायों में चुनाव होने हैं। इसके साथ ही पोलिंग पार्टी बूथों की ओर रवाना हो गई हैं। बूथों पर सुरक्षा बल की तैनाती शुरु हो गई है। रविवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होंगे। पटना जिले में 12 नगर निकायों में पहले चरण में वोटिंग होनी है। इनमें 10 नगर परिषद और 2 नगर पंचायत में चुनाव होगा। पहले चरण के वोटों की गिनती 20 दिसंबर को हो जाएगी। हालांकि, दूसरे चरण का चुनाव प्रचार अभियान जोरों पर है। दूसरे चरण का चुनाव 28 दिसंबर को होना है। इस चरण में 68 नगर निकायों पर चुनाव होना है।
पटना के 12 नगर निकायों में 6 लाख वोटर्स 1804 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे
पटना के 10 नगर परिषद और 2 नगर पंचायत में पहले चरण में 18 दिसंबर को चुनाव होना है। इसमें छह लाख से अधिक मतदाता 1804 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। पहले चरण में पटना के कुल 327 वार्ड में मतदान होगा। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे।
पहले चरण में संपतचक में 214, मसौढ़ी में 206, बाढ़ में 134, खगौल में 106, दानापुर निजामत में 169, मोकामा में 137, फुलवारीशरीफ में 130, फतुहां में 92, बख्तियारपुर में 134, बिहटा में 186, पालीगंज में 218 तथा पुनपुन में 78 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन नगर परिषद और पंचायतों में छह लाख 25 हजार 836 मतदाता हैं। इसमें सबसे अधिक दानापुर निजामत में एक लाख 58 हजार 317 वोटर्स हैं। सबसे कम 10 हजार 464 मतदाता पुनपुन नगर पंचायत में हैं। पहले चरण के चुनाव में पटना जिले में पांच हजार 485 मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं। 18 दिसंबर को होने वाले चुनाव की 20 दिसंबर को काउंटिंग होगी। इसके लिए अलग अलग जगहों पर मतगणना स्थल बनाए गए हैं।
पहले चरण में 15 जगहों पर बनाए गए आदर्श मतदान केंद्र
पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए पटना जिले में 15 जगहों पर आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें दानापुर में दो जगहों पर डीएवी स्कूल सगुना मोड, दो मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय फुलवारीशरीफ, पालीगंज में उत्क्रमित मध्य विद्यालय धरहरा, रेलवे उच्च विद्यालय खगौल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्रखंड कालोनी मसौढी, प्राथमिक विद्यालय साहबेगपुर मोकामा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय अब्नुल्लाहचक संपतचक, शिक्षक प्रशिक्षण स्कूल बाढ में दो-दो जगहों पर बनाए गए मतदान केंद्र को आदर्श के रूप में विकसित किया गया है। ऐसे मतदान केंद्रों को सजाया गया है। माता पिता के साथ जाने वाले बच्चों को खेलने की व्यवस्था की गई है। पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था है।
दूसरी ओर, पटना नगर निगम का चुनाव 28 दिसंबर को 75 वार्ड में चुनाव होना है। यहां के लिए 1893 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 76 चलंत मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र में 17 लाख 43 हजार 852 मतदाता हैं। नगर निगम क्षेत्र में चुनाव के लिए 13 हजार 175 मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं।