समस्तीपुर में बुधवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी। घटना में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं।
समस्तीपुर जिले के पटोरी थाने के धर्मपुर बांदे गांव में बुधवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी। घटना में दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग जख्मी हुए हैं।
मृतक की पहचान वीरेंद्र झा (70) के रूप में की गयी है। घटना की सूचना पर पहुंची पटोरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी मीरा देवी के बयान पर पटोरी थाने में भूमि विवाद में पीट-पीटकर हत्या करने की एफआईआर दर्ज की गयी है।
थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि मामले में 8 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें यशोधर झा के पुत्र अर्जुन झा, अर्जुन झा के पुत्र अभिमन्यु झा व अभिमन्यु झा की पत्नी रेखा देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एफआईआर के अनुसार वीरेंद्र झा व उनके पड़ोसी अर्जुन झा के परिवार के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था।
बुधवार सुबह अर्जुन झा व उनके परिवार के सदस्यों ने उक्त भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया, जिसका वीरेंद्र झा व उनके परिवार के लोगों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। झड़प में ईंट-डंडे भी खूब चले, जिसमें दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। इसी दौरान पिटाई से घायल वीरेंद्र झा अचेत होकर गिर पड़े। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भाग निकले।
परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों की सहायता से वीरेंद्र झा, उनकी पत्नी मीरा देवी व बीच बचाव के लिए पहुंचे वीरेंद्र झा के परिचित सुनील राय को अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने वीरेंद्र झा को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।