नगर निगम की टीम ने गुरुवार काे बाेरिंग राेड से ग्रेजुएट चायवाली प्रियंका गुप्ता का स्टाॅल जब्त कर लिया। इसपर प्रियंका फूट-फूट कर रोने लगी। पहले वह बेली राेड पर पटना वीमेंस कॉलेज के आगे स्टाॅल लगाती थी। बाद में बोरिंग कैनाल रोड में शिफ्ट कर दिया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले भी स्टॉल को हटाया गया था, लेकिन दोबारा से उसी जगह पर लगा लिया। इस कारण से यह कार्रवाई हुई।
स्टॉल हटाए जाने के बाद प्रियंका राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से मिलने पहुंच गई। उनसे स्टॉल लौटवा देने की गुहार लगाई। उसका कहना है कि कई बड़े अधिकारियों ने सपोर्ट करने का वादा किया था, फिर भी नगर निगम ने यह कार्रवाई की है। उसने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से एक दुकान की मांग की है।
लालू प्रसाद से मिलकर मांगी मदद
इस बीच, निगम के अधिकारियों के पास नेताओं से लेकर कई बड़े अफसरों तक के सिफारिशी फोन आए। इसके बाद निगम प्रशासन ने जब्त किए गए स्टॉल को वापस कर दिया। प्रियंका ने वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है। वह पूर्णिया की रहने वाली हैं। उसने एमबीए चायवाले प्रफुल्ल बिल्लोरे का वीडियो देखा था। उससे प्रेरणा मिली और चाय का स्टार्टअप खोला था। उसने ठेले पर लिखा है-ग्रेजुएट चायवाली…पीना ही पड़ेगा। प्रियंका ग्रेजुएट चायवाली के नाम से देशभर में मशहूर है। कई नेता सहित साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा, भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह भी यहां चाय पीने आ चुके हैं।