CM नीतीश कुमार से मिले BJP नेता, मंत्रिमंडल विस्तार पर की चर्चा
भाजपा के शीर्ष नेताओं की गुरुवार की शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाएं तेज हो गईं हैं। 16 दिसम्बर को 14 मंत्रियों संग नीतीश कुमार ने शपथ ली थी। इनमें से मेवालाल चौधरी का इस्तीफा हो चुका है और विस्तार में भाजपा-जदयू खेमे से 21 नेताओं के मंत्री बनने की उम्मीद है। एनडीए हलकों से निकली खबर के मुताबिक 16 जनवरी को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है।
गुरुवार की दोपहर भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के साथ जदयू दफ्तर जाकर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से बंद कमरे में मुलाकात की। उसके बाद शाम छह बजे भूपेन्द्र दोनों उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और देवेश कुमार के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। करीब एक घंटे तक नीतीश कुमार के साथ बातचीत के बाद सभी नेता बाहर निकले। हालांकि उन्होंने मीडिया से कुछ भी कहने से इनकार किया। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में विधान परिषद की दो सीटों के उपचुनाव और 12 रिक्त सीटों पर मनोनयन को लेकर भी बातचीत चल रही है।
इससे पूर्व आरसीपी सिंह और भूपेन्द्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार और विधान परिषद की सीटों का बंटवारा समय पर हो जाएगा। बिहार में एनडीए जनता की सेवा के लिए कटिबद्ध है। जदयू, बीजेपी, हम और वीआईपी का गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में मजबूती से चल रहा है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के लिए बिहार और पूरे देश मे मजबूती से काम किया जा रहा है।
वहीं आरसीपी सिंह ने कहा कि भूपेंद्र यादव और संजय जायसवाल बधाई और शुभकामना देने आए थे। अलग से किसी बिंदु पर चर्चा नहीं हुई। जदयू अध्यक्ष ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार बड़ा मसला नहीं है, लगातार बातचीत हो रही है और समय पर विस्तार हो जाएगा। उन्होंने एक सवाल पर कहा कि अरुणाचल की घटना पर हम दुखी नहीं हैं। हम लोग हमेशा खुश रहने वाले लोग हैं। हम कभी दुखी नहीं होते। जीतन राम मांझी द्वारा हम के लिए एक और मंत्री पद की मांग पर आरसीपी सिंह ने कहा कि गठबंधन के सभी शीर्ष नेता आपस में बातकर फैसला करेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं
बिहार खबर वेबसाइट पर कॉमेंट करने के लिए धन्यवाद।