सीतामढ़ी में चुनावी रंजिश में एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वोट नहीं देने पर गौतम राउत को गोली मारी। रविवार को बिहार नगर निकाय चुनाव की मतगणना हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
पुनौरा थाना क्षेत्र के खैरवा में शुक्रवार देर शाम वोट नहीं देने के आरोप में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान खैरवा निवासी गौतम राउत (25) पिता कृष्णा राउत के रूप में की गयी है। हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने रीगा-सीतामढ़ी पथ पर शव रखकर जाम कर दिया। इससे वाहनों की कतारें लग गयीं। मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ के सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
वोट नहीं देने पर मारी गोली
मृतक के परिजनों ने बताया कि चुनाव में एक प्रत्याशी को वोट नहीं देने के आरोप में गोली मारी गयी है। नगर थानेदार राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उक्त घटना शहर से सटे खैरवा गांव की है। मृतक की पहचान गौतम कुमार के रूप में की गई है। गोली मारने की खबर के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीओ राकेश कुमार, सदर डीएसपी सुबोध कुमार एवं पुनौरा थानाध्यक्ष इम्तियाज अहमद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच छानबीन में जुट गए।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुनौर पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता ने घटना को लेकर वार्ड पार्षद पद की पराजित प्रत्याशी बबिता देवी, उसके पति नरेंद्र सिंह एवं पुत्र राजा कुमार के आलावा गोविंद कुमार को आरोपित किया है। चुनावी रंजिश में युवक की हत्या की गई है। हत्या करने में पराजित एक महिला प्रत्याशी के पुत्र समेत अन्य लोगों का नाम सामने आया है। घटना की खबर मिलते ही प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।